ईशान किशन ने हार्दिक पांड्या को बताया मेंटोर, कहा– बाॅस की नसीहत ने मुझे मुश्किल दौर से निकाला
ICC T20 : ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ये दोनों टीम इंडिया के ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनपर सबकी नजरें रहती हैं और इनकी केमेस्ट्री सबका दिल जीत लेती है. सीनियर-जूनियर की इस केमेस्ट्री में हार्दिक मेंटोर हैं.
ICC T20 विश्वकप में नामीबिया के साथ खेलते हुए अपने शानदार प्रदर्शन का श्रेय ईशान किशन ने अपने टीममेट ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को दिया है. एक तरह से ईशान किशन ने हार्दिक पांड्या को अपना मेंटोर बताया है. ईशान ने बताया कि किस तरह हार्दिक ने उन्हें मौकों का फायदा उठाने और बल्ले से बात करने की सलाह दी.
हार्दिक ने सिखाया मौकों का फायदा कैसे उठाते हैं
एनएआई की रिपोर्ट के अनुसार नामीबिया के खिलाफ अपनी मैच जिताने वाली पारी के बाद ईशान किशन ने हार्दिक पांड्या के बारे में बात की और बताया कि किस तरह पांड्या ने उसका हौसला बढ़ाया. ईशान किशन ने बताया कि जब 2024 में उसने बीसीसीआई का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खो दिया था, उस वक्त हार्दिक पांड्या ने उन्हें यह सिखाया था कि किस तरह विपरीत स्थिति से बाहर आते हैं. हार्दिक पांड्या ने ईशान किशन को सिखाया कि निगेटेविटी को खुद पर हावी नहीं होने देना है. साथ ही मौकों का फायदा कैसे उठाया है, इसे समझने और सीखने में भी पांड्या ने ईशान की बहुत मदद की.
बेहतरीन है ईशान और हार्दिक की ट्यूनिंग
न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान किशन ने जब सेंचुरी बनाई थी तो हार्दिक पांड्या नाॅन स्ट्राइकर एंड पर थे और उन्होंने ईशान को उसकी सफलता पर गले से लगा लिया था. हार्दिक उसकी सफलता से बहुत खुश थे. हार्दिक ने ईशान को सिखाया है कि मुंह से बातें कम करो और बल्ले से अपनी बात ज्यादा कहो. बल्ला जितना बोलता है, तुम्हारी वैल्यू उतनी बढ़ती है. मेहनत करने से घबराना नहीं चाहिए और किसी को दिखाने के लिए मेहनत करने का कोई फायदा नहीं है. मेहनत करो और रोने की आदत मत रखो, जो तुम्हारा है, वो तुम्हें मिल जाएगा.
मुंबई इंडियंस की कप्तानी लेने पर हार्दिक के साथ ग्राउंड पर हुआ बुरा बर्ताव
हार्दिक पांड्या ने ईशान किशन को यह सारी नसीहत उस वक्त दी, जब वे खुद खराब दौर से गुजर रहे थे. आईपीएल में जब हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस की कप्तानी सौंपी गई, तो उनके साथ ग्राउंड पर बहुत बुरा बर्ताव होता था. रोहित शर्मा के फैंस उन्हें गालियां देते थे. उन्हें यह लगता था कि हार्दिक ने रोहित शर्मा को धोखा दिया है. उस वक्त हार्दिक और ईशान काफी घुलमिल गए और एक दूसरे के साथ काफी समय गुजारा. इसी दौरान हार्दिक ने ईशान को क्रिकेट और जीवन दोनों के कई गुर सिखाए.