IND vs ENG: जोफ्रा आर्चर ने खोला सफलता का राज, बोले- 'सही लेंथ गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत'

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जाने वाले निर्णायक तीसरे वनडे से पहले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी गेंदबाजी, भारतीय बल्लेबाजों और टीम में अपनी भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। आर्चर का मानना है कि लगातार सही लेंथ पर गेंदबाजी करना ही एक तेज गेंदबाज की सबसे बड़ी ताकत और अनुशासन है।

'लगातार सही लेंथ पर गेंदबाजी करना ही असली अनुशासन'

मैच से पहले ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में आर्चर ने कहा कि वह अपनी मौजूदा गेंदबाजी से काफी संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी गेंदबाजी से काफी खुश हूं। कई बार विकेट नहीं मिलते, लेकिन मुझे लगता है कि लगातार गेंदबाजी के लिहाज से यह मेरा अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मुझे नहीं लगता कि मैंने कोई खराब गेंद फेंकी है। अगर कोई गेंद चौके के लिए चली भी जाए तो कोई दिक्कत नहीं, क्योंकि मैं गेंद वहीं डाल रहा हूं जहां डालना चाहता हूं।'

उन्होंने आगे कहा, 'सबसे अहम चीज सही लेंथ है। किसी दिन आप तेज गेंदबाजी करेंगे, किसी दिन थोड़ी कम गति होगी, लेकिन अगर आप लगातार सही लेंथ पर गेंद डाल रहे हैं तो वही असली अनुशासन है।'

'कोहली, रोहित और गिल को जल्दी आउट करना होगा'

आर्चर ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम की ताकत को स्वीकार करते हुए कहा कि विराट कोहली, रोहित शर्मा और शुभमन गिल के विकेट इंग्लैंड के लिए बेहद अहम होंगे। उन्होंने कहा, 'कोहली सबसे अहम बल्लेबाज हैं। अगर हमें भारत को 300 रन तक पहुंचने से रोकना है तो कोहली, रोहित और शुभमन को जल्दी आउट करना होगा। बाकी बल्लेबाज भी रन बना सकते हैं, लेकिन अगर ये तीनों जल्दी आउट हो जाएं तो भारत के बड़े स्कोर की संभावना काफी कम हो जाती है।'

जोश टंग के साथ निभा रहे वरिष्ठ खिलाड़ी की भूमिका

कार्डिफ वनडे में तीन विकेट लेने वाले आर्चर ने कहा कि वह युवा तेज गेंदबाज जोश टंग सहित बाकी गेंदबाजों के साथ लगातार जानकारी साझा करते रहते हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने सिर्फ उनसे ज्यादा मैच खेले हैं। मुझे लगता है कि टीम में हर खिलाड़ी एक-दूसरे की मदद करता है। जो पहले गेंदबाजी करता है, वही बाकी गेंदबाजों को विकेट और परिस्थितियों की जानकारी देता है।'

उन्होंने आगे कहा, 'वनडे क्रिकेट में गेंदबाजी बहुत जटिल नहीं है। आपको सही लेंथ पर गेंद डालनी होती है और फिर यह समझना होता है कि सीधी गेंदबाजी करनी है या ऑफ स्टंप के बाहर। जो भी जानकारी मिलती है, उसे बाकी गेंदबाजों तक पहुंचाना जरूरी होता है।'