भारत सेमीफाइनल में इस टीम से भिड़ेगा, Women's Asia Cup 2026 के नॉकआउट मुकाबलों का पूरा शेड्यूल हुआ साफ
Women's Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें अब तय हो चुकी हैं। मंगलवार (8 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए आखिरी लीग मुकाबले में बांग्लादेश ने यूएई को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। इस जीत के साथ बांग्लादेश टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 103 रन बनाए। टीम की ओर से शर्मिन अख्तर ने सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने 31 गेंदों में 38 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान निगार सुल्ताना ने 28 गेंदों में 23 रन की पारी खेली, जबकि जुऐरिया फरदौस और नाहिदा अख्तर ने 16-16 रन का योगदान दिया।
104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम की 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 69 रन ही बना सकी। यूएई की ओर से हीना होतचंदानी 18 और तीर्था सतीश ने 11 रन के अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं। बांग्लादेश की गेंदबाजी में रबेया खातून सबसे सफल रहीं। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इस नतीजे के साथ ही अब महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल की पूरी तस्वीर साफ हो गई है। पहला सेमीफाइनल गुरुवार (10 सितंबर) को खेला जाएगा, जिसमें ग्रुप ए की टॉप टीम भारत का सामना ग्रुप बी की दूसरे नंबर की टीम बांग्लादेश से होगा।
भारत ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया और अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ ग्रुप ए में पहला स्थान हासिल किया। वहीं बांग्लादेश ने ग्रुप बी में तीन मैचों में दो जीत दर्ज कीं और 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और मौजूदा चैंपियन श्रीलंका की भिड़ंत होगी। यह मुकाबला शुक्रवार (11 सितंबर) को खेला जाएगा। श्रीलंका ने ग्रुप बी में अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है।
वहीं पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। पाकिस्तान ने लीग स्टेज में दो मुकाबले जीते, जबकि एक में उसे भारत के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
दोनों सेमीफाइनल की विजेता टीमें इसके बाद खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। महिला एशिया कप 2026 का फाइनल रविवार (13 सितंबर) को खेला जाएगा।