Explainer: क्या ODI वर्ल्ड कप 2027 में भारत का जीतना तय? जानें FIFA में स्पेन की जीत से क्यों बन रहा ये दिलचस्प संयोग

NewsNationTv NaN days ago

ODI World Cup 2027: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन की जीत से वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर एक दिलचस्प संयोग बन रहा है, जिसने भारतीय फैंस की उम्मीदें जगा दी हैं.

Team India
Spain Team, Team India

ODI World Cup 2026: अर्जेंटीना को फाइनल में हराकर स्पेन की टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. स्पेन के जीतते ही क्रिकेट के गलियारों में एक चर्चा शुरू हो गई है, जो फैंस को सबसे ज़्यादा रोमांचित करती है. वह है फुटबॉल में स्पेन की जीत और क्रिकेट का एक 'अनोखा संयोग'. स्पेन की इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद सोशल मीडिया और खेल गलियारों में एक बेहद दिलचस्प और ऐतिहासिक साल 2010 और 2011 का संयोग वायरल हो रहा है, जिसने भारतीय क्रिकेट फैंस को उम्मीदों से भर दिया है. तो चलिए जानते हैं कि स्पेन की इस जीत का भारत के 2027 वनडे वर्ल्ड कप अभियान से क्या कनेक्शन है और यह इतिहास खुद को कैसे दोहरा सकता है.

फुटबॉल- क्रिकेट में क्या है साल 2010 और 2011 का संयोग

यह संयोग 16 साल पुराना है. साल 2010 में साउथ अफ्रीका की धरती पर फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन हुआ था. उस वक्त भी स्पेन की फुटबॉल टीम बेहद मजबूत नजर आ रही थी, हालांकि स्पेन ने कभी फीफा वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीता था. 11 जुलाई 2010 को जोहान्सबर्ग में फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल मैच स्पेन और नीदरलैंड के बीच खेला गया. उस वक्त भी निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई थी. इस खिताबी मुकाबले का रिजल्ट एक्स्ट्रा टाइम में निकला था. स्पेन ने खेले गए फाइनल मुकाबले में नीदरलैंड को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर पहली बार फुटबॉल में वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.

स्पेन के जीत के ठीक एक साल बाद भारत ने जीता वनडे वर्ल्ड कप का खिताब

इसके ठीक एक साल बाद भारतीय टीम ने इतिहास रचा था. टीम इंडिया ने 2011 का वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. 2011 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश, इन 3 देशों ने मिलकर की थी. एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप का खिताब उठाया था. भारत को अपना दूसरा वनडे वर्ल्ड कप 28 साल के लंबे इंतजार के बाद मिला था.

वनडे वर्ल्ड कप 2011 का फाइनल मैच 2 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था. इस मैच में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने थीं. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने महेला जयवर्धने के शानदार नाबाद शतक (103*) के दम पर 274 रनों का स्कोर खड़ा किया. भारत की ओर से जहीर खान और युवराज सिंह ने 2-2 विकेट चटकाए थे. इसके बाद 275 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (0) और सचिन तेंदुलकर (18) जल्दी पवेलियन लौट गए. टीम इंडिया 31 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवाने के बाद संकट में आ गई थी.

इसके बाद गौतम गंभीर और विराट कोहली (35) ने तीसरे विकेट के लिए 83 रनों की अहम साझेदारी कर टीम इंडिया की पारी को संभाला. इसके बाद कप्तान एमएस धोनी खुद नंबर-5 पर युवराज सिंह से पहले बल्लेबाजी करने उतरे. उन्होंने गंभीर के साथ मिलकर 109 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की. गंभीर 97 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हो गए, वहीं धोनी ने 91 रनों की नाबाद पारी खेली और छक्का जड़कर टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाई और वर्ल्ड चैंपियन बनाया.

क्या खुद को इतिहास दोहरा पाएगा

अब स्पेन ने साल 2026 में फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है. इस बार फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी भी 3 देशों - अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको ने मिलकर की थी. अब ऐसे में फैंस उस पुराने संयोग को याद कर रहे हैं. इसके साथ ही भारतीय फैंस में यह उम्मीद जाग गई है कि अगले साल यानी 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को टीम इंडिया अपने नाम कर सकती है.