IND vs PAK: इन पांच खिलाड़ियों पर टिकी सबकी नजरें, अकेले दम पर बदल सकते हैं मैच का नतीजा
स्पोर्ट्स डेस्क : ICC Men's T20 World Cup 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला एक बार फिर सुर्खियों में है। दोनों टीमों ने अपने शुरुआती मैच जीतकर दमदार शुरुआत की है, जिससे यह भिड़ंत और भी रोमांचक हो गई है।
पहले पाकिस्तान द्वारा मैच न खेलने की खबरों के बाद अनिश्चितता बनी थी, लेकिन अब दोनों टीमें आमने-सामने हैं। इस हाई-वोल्टेज मैच में कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जो अकेले दम पर मुकाबले का रुख बदल सकते हैं।
अभिषेक शर्मा: आक्रामक शुरुआत की उम्मीद
सलामी बल्लेबाज Abhishek Sharma अगर फिट होकर खेलते हैं तो पाकिस्तान के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।एशिया कप में उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया था और पहली ही गेंद पर शाहीन अफरीदी को छक्का जड़कर अपना इरादा साफ कर दिया था। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी पावरप्ले में मैच का रुख बदल सकती है।
हार्दिक पांड्या: बड़े मैचों के खिलाड़ी
Hardik Pandya का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 8 टी20 मुकाबलों में 15 विकेट लिए हैं और बल्ले से भी अहम योगदान दिया है। दबाव भरे मैचों में हार्दिक का अनुभव और ऑलराउंड प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकता है।
वरुण चक्रवर्ती: स्पिन का जाल
Varun Chakaravarthy इस समय टी20 में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज माने जा रहे हैं। उनकी रहस्यमयी स्पिन बल्लेबाजों को उलझा देती है। कोलंबो की पिच पर स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना रहती है, ऐसे में वरुण पाकिस्तान के मध्यक्रम के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
कप्तान सूर्यकुमार यादव: आक्रामक नेतृत्व
भारतीय कप्तान Suryakumar Yadav अपनी 360-डिग्री बल्लेबाजी के लिए मशहूर हैं। सूर्या बड़े मैचों में आक्रामक अंदाज से विपक्षी गेंदबाजों की रणनीति बिगाड़ देते हैं। कप्तान के तौर पर उनकी रणनीति और फिनिशिंग क्षमता भारत को मजबूत स्थिति में ला सकती है।
‘स्विंग किंग’ अर्शदीप सिंह: नई गेंद से खतरा
Arshdeep Singh नई गेंद से स्विंग कराने में माहिर हैं। पावरप्ले में शुरुआती विकेट दिलाने की उनकी क्षमता पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को झटका दे सकती है। डेथ ओवर्स में भी उनकी सटीक यॉर्कर बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी करेगी।
मुकाबला सिर्फ स्कोर का नहीं, दबाव का भी
भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा भावनाओं और दबाव से भरा होता है। ऐसे में ये पांच खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और अनुभव से मैच का पासा पलट सकते हैं।