ईशान किशन तीसरे टी20 से भी बाहर: वैभव सूर्यवंशी को फिर मिलेगा मौका? न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया

Hari Bhoomi NaN days ago

By: Shubham Laad

 ishan-kishan-ruled-out-india-vs-new-zealand-3rd-t20i-

Ishan Kishan Ruled out 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार, 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा। इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन चोट के कारण तीसरे टी20 मुकाबले से भी बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी। ईशान अभी पूरी तरह मैच फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं। ऐसे में भारतीय टीम को एक बार फिर उनके बिना मैदान पर उतरना होगा।

ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान दाईं जांघ के अंदरूनी हिस्से की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। मेडिकल जांच में इसे लो-ग्रेड राइट एडक्टर स्ट्रेन बताया गया। इस चोट के कारण वह पहले मुकाबले में बल्लेबाजी नहीं कर सके थे। इसके बाद दूसरे टी20 मैच से भी बाहर रहे। अब तीसरे मुकाबले में भी उनकी वापसी नहीं हो पाएगी।

BCCI ने बताया ईशान किशन की फिटनेस का हाल
बीसीसीआई ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईशान किशन की चोट को लेकर अपडेट दिया। बोर्ड ने बताया कि ईशान तेजी से रिकवर कर रहे हैं, लेकिन अभी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं।

बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, 'ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान लगी लो-ग्रेड राइट एडक्टर स्ट्रेन की चोट से अच्छी तरह उबर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक मैच फिटनेस हासिल नहीं की है। इसलिए वह 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेले जाने वाले तीसरे टी20 मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।'

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मेडिकल टीम लगातार ईशान की रिकवरी पर नजर रख रही है। हालांकि, चौथे और पांचवें टी20 मुकाबले में उनकी वापसी होगी या नहीं, इस पर फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।

कुमार कुशाग्र टीम के साथ बने रहेंगे
ईशान किशन की गैर-मौजूदगी को देखते हुए बीसीसीआई ने दूसरे टी20 मुकाबले से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को बैकअप के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया था। अब बोर्ड ने साफ कर दिया है कि कुशाग्र तीसरे टी20 मैच के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे।

हालांकि, कुशाग्र को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी या नहीं, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। टीम मैनेजमेंट के सामने बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी अहम चुनौती होगी।

वैभव सूर्यवंशी को नंबर-3 पर फिर मिल सकता है मौका
ईशान किशन के तीसरे टी20 से बाहर होने के बाद 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर नंबर-3 पर खेलने का मौका मिल सकता है। दूसरे टी20 मुकाबले में सूर्यवंशी को उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में पहली बार ओपनिंग की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था। हालांकि, वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सके। सूर्यवंशी ने आठ गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ चार रन बनाए। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ ने उन्हें सातवें ओवर में आउट कर दिया।

इस प्रदर्शन के बावजूद ईशान की गैरमौजूदगी में टीम मैनेजमेंट सूर्यवंशी पर दोबारा भरोसा जता सकता है। हालांकि, तीसरे टी20 के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

दूसरे टी20 में मुश्किल से जीता था भारत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को जीत हासिल करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था। न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजी दबाव में नजर आई।

एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड मुकाबला अपने नाम कर सकता है। लेकिन तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी ने आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पलट दिया। दोनों की अहम पारियों की बदौलत भारत ने एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इस रोमांचक जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

तीसरा टी20 जीतकर सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा भारत
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला मंगलवार को वेलिंगटन में खेला जाएगा। भारतीय टीम के पास यह मुकाबला जीतकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल करने का मौका होगा। 

दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम सीरीज में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। मेजबान टीम को शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। ईशान किशन की गैर मौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम पर एक बार फिर सभी की नजरें रहेंगी। खासतौर पर युवा वैभव सूर्यवंशी के लिए यह मुकाबला खुद को साबित करने का एक और बड़ा अवसर हो सकता है।