IND vs AFG, One-off Test: टीम इंडिया को झटका, स्टार तेज गेंदबाज की फिटनेस पर सस्पेंस

Punjabkesari.in NaN days ago
Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम की चिंता बढ़ सकती है। स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की फिटनेस पर संशय बना हुआ है और अगले दो दिनों में उनकी उपलब्धता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। यदि सिराज फिट नहीं होते हैं तो जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है।

सिराज की फिटनेस पर मेडिकल टीम की नजर

रिपोर्ट्स के मुताबिक, IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए 17 मैच खेलने वाले मोहम्मद सिराज के वर्कलोड को देखते हुए उनकी स्थिति पर मेडिकल स्टाफ लगातार नजर बनाए हुए है। चंडीगढ़ पहुंचने के बाद उनकी फिटनेस का आकलन किया जा रहा है और अगले दो दिनों में यह तय होगा कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेल पाएंगे या नहीं।

आकिब नबी बन सकते हैं सिराज के विकल्प

अगर सिराज को आराम दिया जाता है तो रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सबसे सफल गेंदबाज आकिब नबी को टेस्ट स्क्वाड में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल नबी छह नेट गेंदबाजों में शामिल हैं और चंडीगढ़ में भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास करा रहे हैं। हालांकि टीम में शामिल होने के बाद भी उनके सीधे प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने की संभावना कम है, क्योंकि गुरनूर बराड़ पहले से टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा हैं और उन्हें डेब्यू का मौका मिल सकता है।

चयनकर्ताओं ने पहले भी किया था विचार

सूत्रों के अनुसार, टेस्ट टीम के चयन के समय भी सिराज को आराम देने पर चर्चा हुई थी। लेकिन जसप्रीत बुमराह को आराम, जबकि हर्षित राणा और आकाश दीप के चोटिल होने के कारण चयनकर्ता अनुभवहीन तेज आक्रमण के साथ नहीं उतरना चाहते थे।

सूत्र ने बताया, 'सिराज का सीजन काफी लंबा रहा है। अगर उन्हें आराम दिया जाता है तो गुरनूर बराड़ के खेलने की संभावना बढ़ जाएगी और आकिब नबी को टीम में शामिल किया जा सकता है।'

नेट्स में मौजूद हैं कई युवा तेज गेंदबाज

आकिब नबी के अलावा गुरजपनीत सिंह और प्रिंस यादव भी नेट गेंदबाज के रूप में टीम इंडिया के साथ जुड़े हुए हैं। गुरजपनीत अपने पहले राष्ट्रीय कॉल-अप का इंतजार कर रहे हैं, जबकि प्रिंस यादव को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिल चुकी है। उन्होंने IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था।

भारत-अफगानिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह केवल दूसरा टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों ने पहली बार 2018 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टेस्ट खेला था। आठ साल बाद अब यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ स्थित न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।