राजस्थान में नए युग का आरंभ, रियान पराग बने नए कप्तान

Prabhat Khabar NaN days ago

Riyan Parag Captain: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के लिए रियान पराग को नया कप्तान नियुक्त किया है. संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में ट्रेड होने के बाद मैनेजमेंट ने 24 साल के रियान पर भरोसा जताया है. पराग राजस्थान की कमान संभालने वाले सातवें और टीम के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं.

IPL 2026 Riyan Parag Captain of RR

Highlights

Riyan Parag Captain: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने अपनी टीम के नए कप्तान के नाम का ऐलान कर दिया है. युवा खिलाड़ी रियान पराग (Riyan Parag) को टीम की कमान सौंपी गई है. वह संजू सैमसन की जगह लेंगे. बता दें कि संजू सैमसन को नीलामी से पहले राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ ट्रेड कर दिया था. कप्तानी की रेस में टीम में शामिल हुए अनुभवी रवींद्र जडेजा का नाम भी चल रहा था, लेकिन मैनेजमेंट ने भविष्य को देखते हुए 13 फरवरी, 2026 को आधिकारिक तौर पर रियान के नाम पर मुहर लगा दी.

सैमसन की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी 

राजस्थान रॉयल्स ने अपने सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी संजू सैमसन को इस सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को ट्रेड कर दिया है. संजू लंबे समय से टीम के कप्तान थे, लेकिन उनके जाने के बाद टीम को एक नए लीडर की तलाश थी. रियान पराग काफी समय से राजस्थान की टीम का हिस्सा हैं और फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी दी है.

राजस्थान के सातवें कप्तान बने रियान रियान 

पराग राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले इतिहास के सातवें खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले दिग्गज शेन वॉर्न, शेन वॉटसन, राहुल द्रविड़, स्टीव स्मिथ, अजिंक्य रहाणे और संजू सैमसन इस टीम का नेतृत्व कर चुके हैं. रियान के पास कप्तानी का थोड़ा अनुभव भी है. उन्होंने आईपीएल 2025 में संजू की गैरमौजूदगी में 8 मैचों में कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभाई थी, जिसमें टीम को 2 जीत और 6 हार मिली थी.

सबसे कम उम्र में कप्तानी का रिकॉर्ड 

रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के इतिहास के सबसे कम उम्र के कप्तान हैं. पिछले साल 23 मार्च को उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ गुवाहाटी में पहली बार कप्तानी की थी. उस समय उनकी उम्र महज 23 साल थी. इसी के साथ उनका नाम आईपीएल इतिहास के पांचवें सबसे कम उम्र के कप्तान के रूप में दर्ज हुआ था. अब 24 साल की उम्र में वह टीम के पूर्णकालिक कप्तान बन गए हैं.

7 साल से राजस्थान के साथ पराग 

राजस्थान रॉयल्स अपनी टीम में युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए जानी जाती है और रियान पराग इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं. रियान ने साल 2019 में राजस्थान के लिए अपना डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक वह हर सीजन में टीम के लिए खेल रहे हैं. बीच में कुछ समय उनकी फॉर्म खराब रही थी, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें ड्रॉप करने के बजाय उन पर भरोसा बनाए रखा, जिसका फल अब उन्हें कप्तानी के रूप में मिला है.

आईपीएल करियर और आंकड़े 

रियान पराग ने अब तक राजस्थान रॉयल्स के लिए कुल 84 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 141.84 की स्ट्राइक रेट से कुल 1566 रन बनाए हैं. उनके नाम आईपीएल में 7 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर 95 रन रहा है. बल्लेबाजी के साथ-साथ रियान अपनी स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान देते हैं और अब तक लीग में 7 विकेट ले चुके हैं.