IND vs NZ Schedule: भारत के ऑल फॉर्मेट न्यूजीलैंड दौरे का ऐलान, 12 मुकाबले खेले जाएंगे; जानें पूरा शेड्यूल

Hari Bhoomi NaN days ago

By: सौरभ मिश्रा

india vs new zealand 2026 tour

IND vs NZ Schedule: न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने 2026-27 घरेलू सीजन का कार्यक्रम जारी कर दिया और इसकी शुरुआत भारत के खिलाफ एक बड़े ऑल-फॉर्मेट दौरे से होगी। भारत अक्टूबर से दिसंबर के बीच न्यूजीलैंड का दौरा करेगा। जहां दोनों टीमों के बीच 12 मैच खेले जाएंगे। इस दौरे में 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट शामिल हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, यह किसी भी विदेशी टीम के खिलाफ उसके इतिहास का सबसे बड़ा घरेलू दौरा होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह सीरीज 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेगी और पांच शहरों में मुकाबले खेले जाएंगे। भारत दौरे की शुरुआत क्राइस्टचर्च के हेगल ओवल में होगी, जहां 22 और 24 अक्टूबर को पहले 2 टी20 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद वेलिंग्टन (27 अक्टूबर), ऑकलैंड (30 अक्टूबर) और हैमिल्टन (1 नवंबर) में बाकी तीन टी20 होंगे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 वनडे और 5 टी20 खेले जाएंगे
टी20 के बाद वनडे सीरीज शुरू होगी। पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। दूसरा 7 नवंबर को वेलिंग्टन और तीसरा 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा और पांचवां वनडे 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे।

भारतीय टीम अक्टूबर में न्यूजीलैंड जाएगी
दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंग्टन में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इस दौरे को खास बनाने के लिए न्यूजीलैंड सरकार भी सहयोग कर रही है। दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे एक विशेष आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग और कमर्शियल अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि भारत का दौरा सिर्फ क्रिकेट सीरीज नहीं होगा, बल्कि दोनों देशों के साझा इतिहास, संस्कृति और क्रिकेटीय रिश्तों का उत्सव भी होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम और उसके खिलाड़ियों की लोकप्रियता बेहद बड़ी है। विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ियों के आने से स्टेडियमों में जबरदस्त माहौल देखने को मिलेगा।

न्यूजीलैंड के स्पिनर इश सोढ़ी ने भी इस सीरीज को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण और रोमांचक होता है। हाल के वर्षों में दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंद्विता काफी मजबूत हुई है और इस बार भी कई यादगार मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।

गौरतलब है कि पिछली टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड ने भारत को उसकी धरती पर 3-0 से हराकर इतिहास रचा था। यह पहली बार था जब भारत तीन या उससे अधिक टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ था।

भारत दौरे के बाद न्यूजीलैंड दिसंबर-जनवरी में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा और फिर जनवरी-फरवरी 2027 में श्रीलंका की मेजबानी करेगा। श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे, 3 टी20 और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। वहीं न्यूजीलैंड महिला टीम दिसंबर में बांग्लादेश महिला टीम की मेजबानी करेगी। दोनों टीमों के बीच 3 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। यह न्यूजीलैंड महिला टीम की घरेलू सीजन की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी।

कुल मिलाकर न्यूजीलैंड का आगामी घरेलू सीजन क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद व्यस्त और रोमांचक रहने वाला है, जिसकी सबसे बड़ी आकर्षण भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली 12 मैचों की हाई-वोल्टेज सीरीज होगी।