T20 World Cup 2026: Hardik Pandya पाकिस्तान के खिलाफ बना सकते हैं अनोखा रिकॉर्ड, भारत का कोई क्रिकेटर नहीं कर सका है ऐसा
हार्दिक ने टी-20 क्रिकेट में 331 मैच की 277 पारियों में 5978 रन बनाए हैं। 22 रन बनाते ही वह टी-20 क्रिकेट में 6000 रन बनाने वाले भारत के 17वें खिलाड़ी बन जाएंगे।
इसके अलावा वह पहले भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे, जिन्होंने टी-20 क्रिकेट में 6000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं औऱ 200 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। हार्दिक ने अभी तक इस फॉर्मेट में 219 विकेट हासिल किए हैं।
सुरेश रैना का रिकॉर्ड खतरे में
हार्दिक अगर चार छक्के जड़ लेते हैं तो टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सुरेश रैना को पछाड़कर सातवें नंबर पर आ जाएंगे। रैना ने अपने टी-20 करियर में 325 छक्के जड़े हैं, वहीं हार्दिक के नाम 322 छक्के दर्ज हैं।
मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में हार्दिक का प्रदर्शन अभी तक अच्छा रहा है। दो पारियों में उन्होंने एक अर्धशतक समेत 57 रन बनाए और 2 विकेट हासिल किए हैं।
हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ 8 टी-20 इंटरनेशनल पारियों में 15 विकेट लिए हैं, जिसमें बेस्ट प्रदर्शन 8 रन देकर 3 विकेट रहा है। इसके अलावा बल्लेबाजी में 7 पारियों मे 98 रन बनाए हैं।
गौरतलब है दोनों ही टीमों में अपने शुरूआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है और सुपर 8 के लिहाज से यह मैच अहम है। भारत ने अमेरिका और नामीबिया को हराया, वहीं पाकिस्तान को नीदरलैंड और अमेरिका के खिलाफ जीत मिली।